June 24, 2025

गर्मी से जल्‍द मिलेगी लोगों को राहत

 

 

लगातार चल रहे हीटवेव के असर से बनारस में गर्मी से राहत नहीं मिल पा रही है। यहां दिन में तीखी धूप, गर्म हवाएं तो चल ही रही हैं, शाम को भी मौसम पूरी तरह गर्म हो गया है। मौसम वैज्ञानिक के अनुसार जिस तरह मानसून की सक्रियता बनी है, उसके अनुसार यहां समय से मानसून के दस्तक देने की संभावना है। इस माह के तीसरे सप्ताह में मानसून की बारिश देखने को मिल सकती है।

जून के शुरुआत से ही मौसम में बदलाव देखने को मिल रहा है। शनिवार के दिन इतनी तेज धूप रही कि तापमान भी बढ़कर 45.8 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया था,जो कि सीजन का सबसे गर्म दिन था। रविवार के दिन भी धूप तेज रही, लेकिन दोपहर बाद थोड़े बहुत बादल दिखने की वजह से थोड़ी राहत मिली।

बादलों की आवाजाही की वजह से ही शनिवार की तुलना में तापमान में एक डिग्री सेल्सियस की कमी दर्ज की गई। हालांकि शाम को भी मौसम गर्म रहा। शनिवार को जहां अधिकतम तापमान 45.8 डिग्री सेल्सियस रहा वहीं रविवार को 44.8 रिकार्ड किया गया। मौसम वैज्ञानिक एसएन पांडेय ने बताया कि मानसून इस समय बंगाल के उत्तरी भाग तक पहुंच गया है। जिस तरह की गति है, वह अभी तो सही चल रही है। 10 जून तक इसके कोलकाता पहुंचने और उसके बाद बिहार तक आने की संभावना है। बिहार आने के बाद सोनभद्र के रास्ते मानसून के 20 जून तक बनारस आने के आसार हैं।

About Post Author