पर्यावरण संरक्षण हमारा सामाजिक,नैतिक एवं धार्मिक दायित्व है – फादर पी विक्टर
*विश्व पर्यावरण दिवस पर फादर पी विक्टर ने किया वृक्षारोपण*

सेंटजॉन्स स्कूल,सिद्दीकपुर, जौनपुर के प्रधानाचार्य फादर पी विक्टर ने विश्व पर्यावरण दिवस पर सेंटपैट्रिक स्कूल से वृक्षारोपण का कार्य प्रारम्भ किया तत्पश्चात सेंटजॉन्स स्कूल प्राँगण में और सिद्दीकपुर स्थित मस्जिद में वृक्षारोपण किया।पर्यावरण संरक्षण हेतु फादर पी विक्टर समय-समय पर वृक्षारोपण कर विद्यार्थियों एवं अभिभावकों को इस पुनीत कार्य के लिए जागरूक करते रहते हैं।फादर का कहना है कि पर्यावरण दिवस पर हमारा कर्त्तव्य केवल वृक्ष लगाना ही नहीं अपितु उनका संरक्षण भी करना है।विकास की अंधी दौड़ में मानव स्वयं ही अपने पैरों पर कुल्हाड़ी मार रहा है।शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में लगातार वृक्षों की कटाई हो रही है।जो वृक्ष हमें जीवन देते हैं,हम उन वृक्षों को ही काट रहे हैं।वृक्षों की कमी से पर्यावरण असंतुलित हो रहा है परिणामस्वरूप कहीं अतिवृष्टि तो कहीं अनावृष्टि जैसी परिस्थियाँ बन रही हैं।

सीएफसी रसायन तो पर्यावरण के दुश्मन हैं जिनसे सुरक्षा कवच ओज़ोन में छेद हो रहा है।ऐसे रसायनों के उत्सर्जन कम करने की आवश्यकता है।पर्यावरण असंतुलन न केवल मानव अपितु पशु-पक्षियों के जीवन को प्रभावित कर रहा है।गौरेया,गिद्ध और डोडा जैसे कितने पक्षी विलुप्त होने के कगार पर हैं।मानव ईश्वर की सर्वश्रेष्ठ रचना है इसलिए मानव की सामाजिक, नैतिक और धार्मिक जिम्मेदारी बनती है कि वह पर्यावरण संरक्षण पर ध्यान दे।विश्व के राजनेताओं और पर्यावरणविदों ने भविष्य की भयावहता को भाँप लिया था इसलिए सामाजिक और राजनैतिक जागृति लाने हेतु सन 1972 में 5 जून से 16 जून तक संयुक्त राष्ट्र महासभा द्वारा आहूत सम्मेलन में 143 देशों के प्रतिनिधियों ने भाग लिया और पर्यावरण संरक्षण हेतु विचार विमर्श हुआ।उसके बाद 1974 से पर्यावरण संरक्षण हेतु जागरूकता लाने के लिए 5 जून को विश्व पर्यावरण दिवस के रूप में मनाया जाने लगा

वृक्षारोपण और उनके संरक्षण से हम प्राकृतिक असंतुलन पर काबू पा सकते हैं इसलिए हर नागरिक को राष्ट्रीय,सामाजिक, नैतिक एवं धार्मिक कार्य समझकर वृक्षारोपण करना चाहिए।पर्यावरण संरक्षण हेतु विद्यालय में एक गोष्ठी आयोजित की गई और विचार विमर्श के बाद ‘हरित तरंग’ नामक एक समिति बनाई गई जिसका उद्देश्य जौनपुर को हराभरा बनाना है।समिति की रूपरेखा और उद्देश्य पर विचार विमर्श किया गया।पर्यावरण संरक्षण के लिए समिति के सभी उपस्थित सदस्यों ने शपथ लिया।

विश्व पर्यावरण दिवस पर आयोजित संगोष्ठी में जौनपुर पत्रकार संघ के अध्यक्ष शशिमोहन सिंह ‘क्षेम’ ,रामदयाल द्विवेदी,डॉक्टर भारतेंदु मिश्र,चंदन राय,महेंद्र मिश्र,रामनरेश पांडेय,प्रेम शंकर यादव,डॉक्टर रामजी तिवारी ने अपने-अपने विचार प्रकट किए।
