गांजा के साथ तस्कर को पुलिस ने किया गिरफ्तार
गाजीपुर-बुधवार को कासिमाबाद पुलिस ने क्षेत्र के परजीपाह से एक तस्कर को गिरफ्तार किया।
मालूम हो कि पुलिस अधीक्षक रामबदन सिंह के निर्देशन में पुलिस अपराध और अपराधियों के खिलाफ अभियान चला रही है। इसी क्रम में उपनिरीक्षक कृष्णानंद यादव हमराहियों के साथ क्षेत्र में भ्रमण पर थे। इसी दौरान क्षेत्र के परजीपाह से टोडार जाने वाले मार्ग पर एक संदिग्ध व्यक्ति नजर आया। जैसे ही पुलिस उसकी तरफ बढ़ी,वह भागना चाहा, लेकिन पुलिस कर्मियों ने उसे पकड़ लिया। उपनिरीक्षक ने बताया कि गिरफ्त में आया व्यक्ति स्थानीय थाना क्षेत्र के राजापुर कला निवासी अभिषेक यादव है। उसके पास से 2 किलो 7 सौ ग्राम गांजा बरामद हुआ। बताया कि गिरफ्त में आया व्यक्ति लंबे समय से गांजा की तस्करी के कार्य में लिप्त है। इसके खिलाफ 18 अपराधिक मामले दर्ज है। गिरफ्तार करने वाली टीम में उपनिरीक्षक के साथ कां गौरव यादव और कां अनुराग शामिल थे।