थाने में बयान दर्ज कराने दिल्ली से बलिया लौट रहा था प्रेमी युगल : रास्ते से अपहरण,

थाने में बयान दर्ज कराने दिल्ली से बलिया लौट रहा था प्रेमी युगल : रास्ते से अपहरण,
पुलिस को ऐसे मिली सफलता
बलिया। तीन माह पहले घर छोड़ कर नई दुनिया बसाने निकले प्रेमी युगल मंगलवार को दिल्ली से गृह जनपद बलिया पंहुचे। दोनों को अपना बयान बांसडीह रोड़ दर्ज कराना था। इसी बीच रास्ते से ही अपराधिक मंशा से लड़की पक्ष के लोगों ने प्रेमी का अपहरण कर लिया। इसकी जानकारी होते ही बांसडीह रोड पुलिस अलर्ट मोड में आ गई। पुलिस ने सात लोगों के खिलाफ धारा 147, 148, 232, 504, 506, 342, 365 भादवि दर्ज करने के साथ ही अपहृत नन्दलाल पुत्र चन्द्रमा राम (निवासी : सुहवल, बांसडीह रोड, बलिया) को मुक्त कराते हुए दो अपहरणकर्ताओं को गिररफ्तार कर लिया।
पुलिस के मुताबिक, अंतरजातीय प्रेमी जोड़े ने फरवरी 2022 में गांव छोड़ दिया था। साथ जीने मरने की कसम खा चुके इस जोड़े ने लखनऊ हाईकोर्ट में शादी कर ली थी। फिर नई दुनिया बसाने के बाद दोनों दिल्ली चले गए। इधर, युवती के परिजनों ने थाने में गुमशुदगी दर्ज करा दी। इस बीच, गांव में दोनों पक्षों में तीन बार मारपीट भी हुई। प्रकरण में पुलिस के दबाव पर दोनों गृह जनपद आ रहे थे, लेकिन दोनों रास्ते ही गायब हो गये। मामले में युवक के भाई की तहरीर पर पुलिस ने युवती पक्ष के सात लोगों के खिलाफ अपहरण का मुकदमा दर्ज कर लिया, जिसमें गांव के प्रधान प्रतिनिधि को भी नामजद किया गया।
थानाध्यक्ष बांसडीह रोड़ राजकुमार सिंह मय फोर्स ने तत्परता दिखाते हुए अपहरण करने वाले अभियुक्तों की गिरफ्त से पीड़ित नन्दलाल को सकुशल बरामद कर लिया। पुलिस की माने तो पीड़ित के साथ कोई अप्रिय घटना अभियुक्तों द्वारा कर दी जाती, क्योंकि गिरफ्तार अपहरणकर्ता ददन पासवान की भतीजी से पीड़ित नन्दलाल उनके मर्जी के बिना विवाह करके दिल्ली में रह रहा था। दोनों अपना बयान दर्ज कराने के लिए थाना बांसडीह रोड़ आ रहे थे। रास्ते से ही बघौता क्षेत्र से ही अपराधिक मंशा से पीड़ित नन्दलाल को गाड़ी से खींचकर रघुनाथपुर में अभियुक्त/अपहरणकर्ता अरविन्द कुमार पासवान के घर बन्धक बनाकर रखे थे। अभियुक्तों की गिरफ्तारी के साथ-साथ पीड़ित को समय रहते उनके चंगुल से छुड़ा लिया गया। उनकी निशानदेही पर युवती भी पुलिस को मिल गयी।
थानाध्यक्ष राजकुमार सिंह ने बताया कि गिरफ्तार ददन पासवान पुत्र ददन पासवान पुत्र स्व. रमाशंकर पासवान (निवासी : सुहवल, बांसडीह रोड, बलिया) व अरविन्द कुमार पुत्र जनार्दन प्रसाद (निवासी : रघुनाथपुर बेला, बांसडीह रोड, बलिया) को चालान न्यायालय कर दिया गया। वहीं, फरार अभियुक्त मुन्ना पासवान पुत्र स्व. कबीली पासवान, महावीर पासवान पुत्र करिमन पासवान, सोनू पासवान पुत्र शिव जी पासवान, राम बाबू पासवान पुत्र निगामा पासवान व पंकज पासवान पुत्र गामा पासवान (सभी निवासी : सुहवल, बांसडीह रोड, बलिया) की तलाश की जा रही है। गिरफ्तारी व बरामदगी करने वाली पुलिस टीम में थानाध्यक्ष राज कुमार सिंह, उप निरीक्षक मुन्ना राम व रमेश चन्द्र द्विवेदी, कां. बृजेश यादव, राजेश यादव, दिनेश यादव, रमेश यादव, विक्रम सिंह यादव, वेद प्रकाश यादव, मनिचन्द्र यादव शामिल रहे।