June 25, 2025

बलिया सांसद वीरेंद्र सिंह मस्त ने गिनाई भाजपा की खूबी

 

बलिया सांसद वीरेंद्र सिंह मस्त ने गिनाई भाजपा की खूबी

तीन दिवसीय कार्यकर्ता प्रशिक्षण का किया शुभारंभ

मऊ-भाजपा का तीन दिवसीय जिला स्तरीय प्रशिक्षण शुक्रवार को शुरु हुआ। भुजौटी स्थित आरएस प्लाजा में उद्घाटन सत्र का शुभारम्भ बलिया के सांसद वीरेंद्र सिंह मस्त ने किया। कहा कि भाजपा विचार सम्पन्न पार्टी है। इसमें जाति क्षेत्र के लिए कोई स्थान नहीं है। पार्टी का ध्येय राष्ट्रवाद और मातृभूमि की जय है। इसकी स्थापना ही भारतीय दर्शन और भारतीय अखंडता को अक्षुण्य रखने के लिए की गई।
तुष्टिकरण से नहीं किया समझौता
उन्हांने आगे कहा कि हमारी पार्टी के संस्थापकों ने राजनैतिक तुष्टिकरण से समझौता नहीं किया। राष्ट्रवादी विचारों से ओत प्रोत लोगां को एकजुट किया। हमारे लिए भारत की भूमि कोई मात्र जमीन का टुकड़ा नही है, यह माता के समान सम्माननीय है। हमारा लक्ष्य सबका साथ, सबका विकास और सबका विश्वास है। हमारे सरकार की योजनाएं बिना किसी भेदभाव के प्रत्येक पात्र भारतीय को मिलती हैं। हमारी जनकल्याणकारी योजनाओं में किसी जाति या धर्म या पार्टी का भेद नहीं किया जाता है।
हमारा बूथ अध्यक्ष बना जाता है मुखिया
मस्त ने कहा कि हमारी पार्टी के कार्यकर्ता सकारात्मक विचारों के धनी होते हैं। अन्य पार्टियों में जाति और क्षेत्र से प्रभावित कार्यकर्ता होते हैं। भाजपा ही ऐसी पार्टी है जिसका बूथ अध्यक्ष आगे चलकर राष्ट्रीय अध्यक्ष बन जाता है। इस पार्टी में एक साधारण सा कार्यकर्ता आगे चलकर मुख्यमंत्री और प्रधानमंत्री बन जाता है। हमारा कार्यकर्ता इस देश की अस्मिता से समझौता करके कभी राजनीति नहीं करता। हमारी पार्टी में जब मात्र दो सांसद थे तब भी हमने अपने विचारो से समझौता नहीं किया। आज तो हम अपने विचारों की बढ़ती स्वीकारोक्ति के कारण दुनिया की सबसे बड़ी पार्टी बन चुके हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी देश को और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ प्रदेश को समृद्धि की ओर तेजी से लेकर जा रहे हैं।
व्यक्ति नहीं, विचार हैं महत्वपूर्ण
दूसरे सत्र में मुख्य वक्ता डा. अजय मणि त्रिपाठी ने कहा कि पार्टी के अनुशासित कार्यकर्ता निःस्वार्थ भाव से कार्य करते हैं। समाज के अंदर अपनी विशेष कार्यशैली से अलग पहचान रखते हैं। भाजपा का संगठन जनकल्याण और राष्ट्रवादी विचारधारा से पूर्ण होकर कार्य करता हैं। हम सब को आत्मगौरव हमेशा याद रहे इसलिए इस तरह के प्रशिक्षण शिविर की आवश्यकता होती है। व्यक्ति या समाज कितना भी ताकतवर हो किंतु यदि आत्मगौरव के विचारों से वह नही भरा है तो वह खोखला है। पूरे देश और दुनिया में अनूठे कार्य करने के लिए यदि कोई जाना जाता है तो वह हमारे विचार परिवार के कार्यकर्ताओं को जाना जाता है। हमारे विचार परिवार का लक्ष्य देश का परम वैभव है। हमारे पार्टी में व्यक्ति नहीं विचार महत्वपूर्ण है। यह विचारो की सबलता ही है कि हमारे संगठन में नेतृत्व को लेकर कभी कोई विवाद नहीं हुआ। सही विचारो से ही सही समाज का निर्माण किया जा सकता है।तीसरे सत्र को बजरंगी सिंह बज्जू, चौथे सत्र को देवेंद्र यादव ने संबोधित किया।
इनकी रही प्रमुख उपस्थिति
इस अवसर पर जिलाध्यक्ष प्रवीण कुमार गुप्ता, विधायक रामविलास चौहान, अरविंद सिंह, विजय राजभर, हरिनारायण राजभर, अरिजीत सिंह, मनोज राय, अशोक सिंह, डा. एचएन सिंह, भरत लाल राही, संतोष सिंह, गनेश सिंह, आनंद प्रताप सिंह, दुर्गविजय राय, संगीता द्विवेदी, रामाश्रय मौर्य, राकेश मिश्रा, अनिल श्रीवास्तव, संजय पाण्डेय, मुन्ना राजभर, नूपुर अग्रवाल, पूनम सरोज, राकेश तिवारी, सुनील यादव, पुनीत यादव, विनय कुमार, रामप्रवेश राजभर आदि मौजूद रहे।

About Post Author